तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित ऑफिस वाली इमारत पर फायर डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई की है। अग्नि सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद विभाग ने 9 कैमक स्ट्रीट स्थित इमारत के बेसमेंट, छठी और सातवीं मंजिल को खाली करने का नोटिस जारी किया है।
फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट की वैधता भी खत्म
अधिकारियों के मुताबिक, इमारत का फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट 10 अगस्त को एक्सपायर हो चुका था, लेकिन इसे अब तक रिन्यू नहीं कराया गया। विभाग ने इमारत के मालिक को पहले कारण बताओ नोटिस जारी कर 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा था। समय सीमा खत्म होने के बाद विभाग ने बेसमेंट और छठी-सातवीं मंजिल खाली करने का निर्देश दिया।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कमियों को दूर नहीं किया जाता और वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट हासिल नहीं होता, तब तक इन हिस्सों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
बेसमेंट में नहीं मिले फायर सेफ्टी इंतजाम
पीटीआई के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान बेसमेंट में आग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। अधिकारियों ने इसे गंभीर सुरक्षा चिंता बताया है। उनका कहना है कि आग लगने की स्थिति में ऐसी कमियां बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
सोमवार को पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की संयुक्त टीम ने इमारत की सभी मंजिलों का निरीक्षण किया। जांच में सातवीं मंजिल पर अपर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था, आपात स्थिति में बाहर निकलने के लिए निर्धारित रास्ते की कमी और फायर अलार्म सिस्टम में गड़बड़ी जैसी खामियां सामने आईं।
एक दिन पहले अभिषेक बनर्जी के ऑफिस में तोड़फोड़
फायर डिपार्टमेंट की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब एक दिन पहले अभिषेक बनर्जी के ऑफिस में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। TMC ने इस हमले के लिए बीजेपी से जुड़े लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।
इस इमारत को लेकर इससे पहले भी विवाद हो चुका है। अधिकारियों द्वारा TMC का एक कथित अवैध होर्डिंग हटाए जाने के दौरान अभिषेक बनर्जी के निजी सुरक्षा गार्ड, समर्थकों और पार्टी नेताओं की पुलिस तथा कोलकाता म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के अधिकारियों से झड़प हुई थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



