संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शिक्षक भर्ती 2025 के वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थियों का आंदोलन एक बार फिर उग्र हो गया है। भर्ती परीक्षाओं में पदों की संख्या बढ़ाने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में युवा बोर्ड ऑफिस चौराहे पर सड़क पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की योजना रैली निकालकर स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के बंगले तक पहुंचने और उन्हें ज्ञापन सौंपने की है, हालांकि प्रशासन ने इस रैली की अनुमति नहीं दी है।
लंबे संघर्ष के बाद भी मांगें पूरी न होने से रोष
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पद वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे इन अभ्यर्थियों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले भी चला था लंबा आंदोलन: इससे पहले भी ये अभ्यर्थी लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के सामने करीब दो महीने तक लगातार धरना प्रदर्शन और भूख हड़ताल कर चुके हैं।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन की बात, पर तेवर सख्त
प्रशासनिक रोक के बावजूद अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी जायज मांग सरकार तक पहुँचाना चाहते हैं। लेकिन उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार पदों में वृद्धि कर नियुक्ति का रास्ता साफ नहीं करती, तब तक उनका यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
प्रशासन और पुलिस बल तैनात
बोर्ड ऑफिस चौराहे पर अभ्यर्थियों के भारी संख्या में इकट्ठा होने और मंत्री बंगले तक मार्च निकालने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला भी मुस्तैद हो गया है। चौराहे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। इस बड़े प्रदर्शन के चलते राजधानी के इस व्यस्त इलाके में यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

