हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के एमटीएच अस्पताल में आशा कार्यकर्ता के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के विरोध में सोमवार को आशा-ऊषा-आशा पर्यवेक्षक एकता यूनियन (सीटू) ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता और पर्यवेक्षक सीएमओ कार्यालय से रैली निकालते हुए एमटीएच अस्पताल पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा गार्डों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की।
READ MORE: रीवा में अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा पकड़ाया: 8 पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद, दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
यूनियन का आरोप है कि अस्पताल में अपनी ड्यूटी निभाने पहुंची आशा कार्यकर्ता के साथ सुरक्षा गार्डों ने न केवल मारपीट की, बल्कि अभद्र व्यवहार भी किया। इस घटना ने अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जो आशा कार्यकर्ता दिन-रात आम लोगों की सेवा में लगी रहती हैं, यदि उन्हीं के साथ अस्पताल परिसर में इस तरह का व्यवहार होगा तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह केवल एक कर्मचारी के साथ हुई घटना नहीं, बल्कि पूरे आशा परिवार के सम्मान से जुड़ा मामला है। यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी। यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
READ MORE: अवंतिका गैस लाइन ब्लास्ट केस में अपडेटः हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान क्षेत्रीय पार्षद को बनाया आरोपी
प्रदेश अध्यक्ष कविता सोलंकी सहित यूनियन के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमओ) डॉ. माधव प्रसाद हसानी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में घटना में शामिल सुरक्षा गार्डों और संबंधित सुरक्षा एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई, अस्पतालों में आशा कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की गई।
यूनियन ने कहा कि अस्पताल सेवा का स्थान है, लेकिन यदि स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को ही भय और असुरक्षा के माहौल में काम करना पड़े तो यह पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसलिए दोषियों को बचाने के बजाय उनके खिलाफ उदाहरणात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, सीएमओ डॉ. माधव प्रसाद हसानी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और आशा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


