उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखाकार-कम-टैली ऑपरेटर और प्रोग्रामर को जुलाई 2026 से बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा.

सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. सरकार ने उनके मानदेय में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है. बढ़ा हुआ मानदेय जुलाई 2026 से दिया जाएगा.

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि यह बढ़ोतरी परिवहन निगम में काम कर रहे कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखाकार-कम-टैली ऑपरेटर और प्रोग्रामर को मिलेगी.

हर साल 10 प्रतिशत बढ़ोतरी

दरअसल, आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में हर साल कुल 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का प्रावधान है. इसमें 5 प्रतिशत बढ़ोतरी जनवरी में और बाकी 5 प्रतिशत जुलाई में की जाती है. इसी व्यवस्था के तहत जुलाई से अब कर्मचारियों को बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा.

मंत्री ने कहा कि परिवहन निगम की बस सेवाओं को बेहतर और आधुनिक बनाने में आउटसोर्स कर्मचारियों की भूमिका काफी अहम है. ये कर्मचारी कंप्यूटर, लेखा और तकनीकी काम संभालने के साथ निगम के रोजमर्रा के कामकाज को सुचारु रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं.

दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और कार्मिकों के हितों को लेकर संवेदनशील है. परिवहन निगम को बेहतर, सुविधाजनक और यात्रियों के लिए ज्यादा प्रभावी बनाने में हर कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है. इसी सोच के तहत आउटसोर्स कार्मिकों के मानदेय में हर साल बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है.