रायपुर। यंग इंडियंस (Yi) रायपुर ने जोरा मॉल में किड्स प्रेन्योर 2026 का सफल आयोजन किया। इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र में ही उद्यमिता (Entrepreneurship) का वास्तविक अनुभव प्रदान करना था। इस कार्यक्रम में 6 से 16 वर्ष आयु वर्ग के 100 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 36 स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर बच्चों ने स्वयं तैयार किए गए फूड आइटम्स, चॉकलेट्स, गेम्स, हैंडमेड प्रोडक्ट्स, ब्रेसलेट्स, DIY एक्टिविटीज़, आर्ट एंड क्राफ्ट सहित अनेक अभिनव उत्पाद एवं सेवाएं प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच, ग्राहकों से संवाद करने की क्षमता और अपने व्यवसाय को संचालित करने का उत्साह सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इस आयोजन में 5,000 से अधिक लोगों ने सहभागिता की और बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका भरपूर उत्साहवर्धन किया। इस वर्ष का प्रतिष्ठित “किड्सप्रेन्योर ऑफ द ईयर” पुरस्कार टीम ‘ब्लूम बडीज’ को प्रदान किया गया। इस टीम का नेतृत्व गुरांश सिंह चावला, गौरिक माखीजा, पनाशे माखीजा एवं अयांश तिवारी ने किया।


रनर-अप पुरस्कार प्राप्त करने वाली टीमें रहीं
- बेकिंग स्माइल्स – मायरा मोहता एवं एंजेल पल्लीवाल
- लूप एंड लिंक – आराध्या अग्रवाल, अनन्या अग्रवाल एवं अनुष्का अग्रवाल
मुख्य पुरस्कारों के अतिरिक्त प्रतिभागियों को बेस्ट बिजनेस आइडिया, बेस्ट इनोवेटिव आइडिया, बेस्ट मार्केटिंग, हाईएस्ट सेल्स अवॉर्ड तथा बेस्ट स्टॉल प्रेजेंटेशन जैसी विभिन्न श्रेणियों में भी सम्मानित किया गया। आयोजन से पूर्व प्रतिभागियों के लिए विशेष उद्यमिता प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों को मार्केटिंग, ब्रांडिंग, फाइनेंस और ग्राहक संवाद जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई, ताकि वे अपने व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित कर सकें।

भविष्य में बड़े स्तर पर कार्यक्रम करने का संकल्प
यंग इंडियंस रायपुर ने बताया कि किड्स प्रेन्योर केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और उद्यमशीलता की भावना विकसित करने का एक प्रयास है। कार्यक्रम को अभिभावकों, स्कूलों और शहरवासियों से अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। इस उत्साहजनक सफलता को देखते हुए यंग इंडियंस रायपुर ने भविष्य में किड्स प्रेन्योर को और भी बड़े स्तर पर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


