मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने लोक नायक अस्पताल स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर (Sakhi one stop Center) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं और बच्चियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि दिल्ली के सभी सखी वन स्टॉप सेंटरों की डिटेल मासिक फॉलोअप रिपोर्ट अब मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाए। रिपोर्ट में दर्ज मामलों की संख्या के साथ पुलिस को दी गई सूचना, FIR की स्थिति, आरोपी के खिलाफ हुई कार्रवाई और पीड़िता को उपलब्ध कराई गई सहायता का पूरा विवरण शामिल करना होगा।

रेखा गुप्ता ने कहा कि हिंसा की शिकार महिला को केवल सहायता उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है। उसे सम्मान, सुरक्षा और प्रभावी न्यायिक सहयोग भी मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि पीड़ित महिलाओं को आवश्यक मदद समय पर मिले और उनके मामलों की नियमित निगरानी की जाए।

महिलाओं की शिकायत संवेदनशीलता से सुनने के निर्देश

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंचने वाली महिलाओं की बात पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार पीड़ित महिलाओं को मेडिकल सुविधा, पुलिस सहायता, कानूनी मदद, काउंसलिंग और अस्थायी आश्रय तत्काल उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान पॉक्सो मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों से जुड़े रिकॉर्ड को पूरी गोपनीयता के साथ सुरक्षित रखा जाए और इन्हें अन्य मामलों से अलग व्यवस्थित तरीके से संधारित किया जाए।

साफ-सफाई का भी जायजा लिया

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सखी वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, भोजन और रहने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से सेंटर में महिलाओं और बच्चियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर में पीड़ित महिलाओं और बच्चियों को एक ही स्थान पर चिकित्सा सुविधा, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग और कानूनी परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने सेंटर की व्यवस्थाओं को संवेदनशील और पीड़ित-केंद्रित बनाए रखने पर जोर दिया।

सेंटर की सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सखी वन स्टॉप सेंटर में आने वाली महिलाओं और बच्चियों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी करने और जरूरत के अनुसार उनमें सुधार करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेंटर में पीड़ितों को एक ही स्थान पर जरूरी सहायता मिल सके, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को बेहतर और सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से सुविधाओं की स्थिति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m