बस्ती में 200 टन का संयंत्र लेकर जा रहे 308 पहियों वाले ट्रक के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई और राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया. ट्रक को रास्ता देने के लिए कई स्थानों पर बिजली के तार हटाने पड़े, जबकि मंगलवार को आगे की आवाजाही के लिए कुछ उपकेंद्रों की आपूर्ति बंद रखने की तैयारी की गई.

बस्ती. जिले में सोमवार को बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की लखीमपुर खीरी स्थित नई इकाई के लिए 200 टन का वेसल लेकर जा रहे 308 पहियों वाले ट्रक के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई. भारी वाहन को रास्ता देने के लिए कई जगह बिजली के तार हटाने पड़े, जिससे विद्युत उपकेंद्रों के फीडर बंद रखने पड़े और राजमार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया.

कई उपकेंद्रों की बिजली बंद

विद्युत वितरण खंड ग्रामीण के अधिशासी अभियंता सुधांशु श्रीवास्तव ने सुरक्षा के मद्देनजर 33/11 केवी मुंडेरवा उपकेंद्र से जुड़े 11 केवी मंगेरवा और ऊंचगांव फीडर बंद रखने के निर्देश दिए थे. इसके अलावा व्योतहरा, गाउखोर, सल्टौआ और बाघनगर उपकेंद्रों से निकलने वाले सभी फीडरों को बंद रखने के निर्देश दिए गए थे.

सदर खंड के पॉलिटेक्निक उपकेंद्र को पूरी तरह बंद रखने और पुरानी बस्ती उपकेंद्र के हथियागढ़ फीडर की आपूर्ति रोकने के निर्देश भी दिए गए थे. हालांकि, सोमवार को सल्टौआ उपकेंद्र चालू रखा गया, जबकि गाउखोर उपकेंद्र की बिजली पूरी तरह बंद रही.

तय समय से देर से पहुंचा ट्रक

ट्रक को पॉलीटेक्निक चौराहे से गौरा मार्ग की ओर ले जाया जा रहा था. दोपहर करीब दो बजे आगे बढ़े ट्रक को मनौरी चौराहे तक पहुंचने में शाम पांच बजे तक का समय लग गया.

सदर खंड के अधिशासी अभियंता शुभम पांडेय के अनुसार, उपभोक्ताओं को सुबह छह बजे से 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहने की सूचना दी गई थी. इसी अवधि में ट्रक को निकालने की योजना थी, लेकिन वाहन के पॉलीटेक्निक चौराहे तक पहुंचने में ही दोपहर साढ़े बारह बज गए.

तार हटाने से बाधित हुई आपूर्ति

उपखंड अधिकारी प्रभाकर कुमार ने बताया कि 11 केवी लाइनों को खुलवाने के साथ कई स्थानों पर रास्ता पार कर रहे बिजली के तार काटने पड़े. पॉलीटेक्निक चौराहे पर ट्रक को मोड़ने के लिए भी तार हटाने पड़े, जिसके कारण बिजली आपूर्ति पूरे दिन बाधित रही.

उपखंड अधिकारी सल्टौआ सुनील कुमार यादव ने बताया कि शाम पांच बजे तक ट्रक मनौरी पहुंचा था. इसके चलते गाउखोर उपकेंद्र को पूरी तरह बंद रखना पड़ा.

मंगलवार को भी बंद रहेंगे उपकेंद्र

अधिशासी अभियंता रुधौली अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, ट्रक को आगे निकालने के लिए मंगलवार सुबह सात बजे से भानपुर ग्रामीण, तहसील और असनहरा उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी.