दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के हिल स्टेशन पचमढ़ी के प्रसिद्ध प्रियदर्शिनी व्यू प्वाइंट (फॉरेस्ट हिल) पर बड़ा हादसा हो गया। खाई में गिरने से नागपुर निवासी ग्रुप लीडर की मौके पर ही मौत हो गई।
दरअसल, नागपुर से 20 बच्चों का ग्रुप पचमढ़ी भ्रमण पर आया था। जिसका नेतृत्व मृतक विजय नायक कर रहे थे। उनके साथ में उनके पिता भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि फोटो खिंचवाने के दौरान बंदर ने विजय नायक का बैग छीनने की कोशिश की। बैग बचाने के दौरान संतुलन बिगड़ा और वह गहरी खाई में गिर गए।
शोर मचाने पर स्थानीय लोग व पुलिस मौके पर पहुंचे,कड़ी मशक्कत के बाद खाई से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद बच्चों और परिजनों में मातम पसर गया। वहीं पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शव नागपुर के लिए रवाना कर दिया गया है।
प्रियदर्शिनी व्यू प्वाइंट पर कमजोर रेलिंग और बंदरों के आतंक को लेकर पर्यटकों व स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने व्यू प्वाइंट पर मजबूत रेलिंग लगाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात करने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

