प्रतीक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को एक बेहद मार्मिक दृश्य देखने को मिला। कैंसर से पीड़ित एक वृद्धा किसान न्याय की उम्मीद लेकर व्हीलचेयर के सहारे कलेक्ट्रेट पहुंची। धान बेचने के बाद भी मेहनत की कमाई नहीं मिलने से परेशान वृद्धा मीडिया के सामने अपना दर्द बयां करते हुए रो पड़ी।
किसानों का आरोप
पूरा मामला मगरलोड क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी का है। किसानों का आरोप है कि उन्होंने अपनी मेहनत से उपजाया धान चैतराम और लोकेश साहू के माध्यम से एक राइस मिल को भेजा था। आरोप है कि धान की बिक्री के बाद मिलने वाली राशि अब तक किसानों को नहीं दी गई है।
किसानों का कहना है कि मिल से सभी किसानों के करीब 9 लाख रुपये की राशि आ चुकी है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित कोचियों द्वारा उन्हें लगातार रकम के लिए घुमाया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि वे लंबे समय से अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए चक्कर काट रहे हैं।
रकम नहीं मिलने से इलाज प्रभावित
इसी दौरान कलेक्ट्रेट पहुंची कैंसर पीड़ित वृद्धा का दर्द देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। वृद्धा ने बताया कि धान बेचने से मिलने वाले पैसों से ही उसका कैंसर का इलाज कराया जाता था, लेकिन अब कोचिए के फरार होने और पैसे नहीं मिलने से कैंसर का इलाज नहीं हो पा रहा है।
न्याय दिलाने की गुहार
वृद्धा ने मीडिया के माध्यम से प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई। अब इस मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और किसानों को उनकी मेहनत की रकम कब तक मिलती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


