संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पीठ दर्द से राहत पाने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक मशीन बुजुर्ग की मौत का कारण बन गई। घर पर इलाज के लिए रखे इलेक्ट्रिक थेरेपी बेड (मैट) में अचानक शॉर्ट-सर्किट होने से लगे झटके और आग की चपेट में आने से एक 90 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई।

थेरेपी के दौरान अचानक हुआ शॉर्ट-सर्किट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा 27 मई की दोपहर का है। मृतक बुजुर्ग लंबे समय से पीठ दर्द की समस्या से परेशान थे और इससे राहत पाने के लिए घर पर ही नियमित रूप से इलेक्ट्रिक थेरेपी मैट का उपयोग करते थे। घटना के वक्त भी वे मैट पर ही थे, तभी अचानक बेड के इलेक्ट्रिक सिस्टम में स्पार्किंग हुई और वह आग की लपटों से घिर गया।

IAS संतोष वर्मा फर्जी आदेश प्रकरणः निलंबित जज अमन भूरिया गिरफ्तार, हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद रिहा

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर में ही मौजूद थे। बेड में आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को मशीन से दूर किया और नाजुक हालत में अस्पताल लेकर भागे। हालांकि, तमाम कोशिशों के बाद भी बुजुर्ग को बचाया नहीं जा सका और उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Weather Update: नौतपा के बीच बारिश-आंधी की एंट्री, 9 जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी

बैटरी और इलेक्ट्रिक सिस्टम फेल

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि थेरेपी मैट की बैटरी और उसके आंतरिक इलेक्ट्रिक सिस्टम में अचानक खराबी आ गई थी, जिसके कारण यह बड़ा शॉर्ट-सर्किट हुआ। ईंटखेड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि मशीन में यह खराबी किस वजह से आई और क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही शामिल थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m