आईची-नागोया (जापान)। जापान के आईची-नागोया में संपन्न एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 30 स्वर्ण पदकों के साथ कुल 114 पदकों का रिकॉर्ड बनाया. वहीं हमारे पड़ोसी मुल्क पड़ोसी देश पाकिस्तान का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा. पाकिस्तानी दल केवल एक रजत पदक ही जीत सका, जो एथलेटिक्स स्पर्धा से आया.

आइए, एशियन पैरा गेम्स में पाकिस्तान के प्रदर्शन और भारत की शानदार प्रगति पर एक नज़र डालते हैं.

एशियन पैरा गेम्स 2026 में पाकिस्तान कोई खास छाप नहीं छोड़ सका और पूरे टूर्नामेंट में केवल एक पदक ही जीत पाया. हैदर अली देश के एकमात्र पदक विजेता रहे, जिन्होंने पुरुषों की डिस्कस थ्रो F37 स्पर्धा में रजत पदक जीता.

पाकिस्तान ने चार खेलों में हिस्सा लेने के लिए नौ खिलाड़ियों को जापान भेजा था. हालांकि, इस पूरे दल में से केवल हैदर अली ही पदक जीतने में सफल रहे, जिससे देश के खाते में केवल एक रजत पदक आया.

स्वर्ण पदकों के मामले में भी पाकिस्तान को झटका लगा है. 2014 के बाद यह पहली बार है जब पाकिस्तान कोई स्वर्ण पदक नहीं जीत सका. 2022 के एशियन पैरा गेम्स में पाकिस्तान ने एक स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन 2026 में वे इस उपलब्धि को दोहरा नहीं सके.

पाकिस्तान की तुलना में हमारे पड़ोसी देश श्रीलंका ने बेहतर प्रदर्शन किया, जिसने दो स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक के साथ कुल 9 पदक हासिल किया है.

एशियन पैरा गेम्स में भारत की लगातार प्रगति जारी

एशियन पैरा गेम्स के पिछले कुछ संस्करणों में भारत के पदकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है. 2010 में केवल 14 पदक जीतने वाले भारत ने पैरा-खेलों में अपनी स्थिति लगातार मजबूत की है. अलग-अलग संस्करणों में भारत की प्रगति उसके कुल पदकों की संख्या से झलकती है:

  • 2010: 14 पदक
  • 2014: 33 पदक
  • 2018: 72 पदक, जिनमें 15 स्वर्ण पदक शामिल हैं
  • 2022: 108 पदक, जिनमें 27 स्वर्ण पदक शामिल हैं
  • 2026: 114 पदक, जिनमें 30 स्वर्ण पदक शामिल हैं

भारत ने 2022 में पहली बार 100 पदकों का आंकड़ा पार किया और कुल 108 पदक जीते. 2026 में भारतीय दल ने इस उपलब्धि को और बेहतर किया और 6 और पदक जोड़कर इन खेलों में एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया.

इस बार के अभियान में कई खिलाड़ियों का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी शानदार रहा. शीतल देवी, निषाद कुमार और सिमरन शर्मा समेत 6 भारतीय खिलाड़ियों ने 2-2 स्वर्ण पदक जीते, जबकि 4 अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने 3-3 पदक हासिल किए.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m