पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद और उससे सटे रावलपिंडी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. 27 सितंबर को प्रस्तावित मार्च से पहले इस्लामाबाद को किले में तब्दील करने जैसी सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं. आलम ये है कि राजधानी को कम से कम 2000 शिपिंग कंटेनरों से घेर दिया गया है. राजधानी में धारा 144 लागू कर दी गई है और जुलूस, रैली और सार्वजनिक जगहों पर लोगों के जुटने पर रोक है. यह आदेश दो महीने के लिए लागू किया गया है.

पाकिस्तान में इन दिनों कई इलाकों में लॉकडाउन जैसा माहौल और सड़कों पर पसरा हुआ सन्नाटा दिख रहा है. सड़कों को कंटेनरों और लोहे के नुकीले कीलों से घेर दिया गया है.

पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी PTI के 27 सितंबर के लॉन्ग मार्च को लेकर हलचल तेज है. जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने पाकिस्तान में 27 सितंबर को इस्लामाबाद में बड़े प्रदर्शन और मार्च का ऐलान किया है. जिसे लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है.

पाक की मीडिया के अनुसार शहबाज शरीफ  सरकार और उनका प्रशासन घबराया हुआ है; अस्पतालों में जगह बनाई जा रही है और अतिरिक्त ब्लड बैग तैयार रखे जा रहे हैं.

अहम रास्तों पर कंटेनर तैनात किए जा रहे हैं. इतना ही नहीं, इन कंटेनरों को वेल्डिंग करके आपस में जोड़ा गया है और उन पर बाहर की तरफ नुकीले धातु के कांटे लगाए गए हैं. साथ ही 2 हजार से ज्यादा कंटेनर इस्लामाबाद और अटक में अहम जगहों पर पहुंचाए गए हैं, जिससे किलेबंदी की जा रही है.

राजधानी में सुरक्षा घेरा मजबूत करने के लिए 27 सितंबर के मार्च से पहले पंजाब और सिंध प्रांत से 20,000 से ज़्यादा पुलिसकर्मियों को इस्लामाबाद बुलाया जा रहा है. इससे राजधानी में आने-जाने वाले रास्तों को जरूरत पड़ने पर बंद किया जा सकेगा.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m