पलामू। पलामू के नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से अमरजीत चौहान उर्फ छोटू की मौत हो गई। गोली लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से 7.65 एमएम की एक पिस्टल भी बरामद की गई है।
घर के अंदर चली गोली, सीने के पास लगी
नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव के मुताबिक, अमरजीत को संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर गोली लगी। गोली उसके सीने के पास लगी थी। गंभीर हालत में उसे मेदिनीनगर के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसा, आत्महत्या या हत्या? पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस के सामने कई सवाल हैं। गोली गलती से चली, युवक ने आत्महत्या की या फिर यह हत्या का मामला है—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। बिश्रामपुर SDPO चिरंजीवी मंडल भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटना की पुष्टि की है।
पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल बरामद कर ली है और अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार युवक तक कैसे पहुंचा और गोली चलने की वास्तविक वजह क्या थी।
पोस्टमार्टम की तैयारी, परिजनों में मातम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और शुभचिंतक मौके पर पहुंचे। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अमरजीत के पिता सीसीएल में कार्यरत थे। अमरजीत खुद धनबाद में रहता था और हाल के दिनों में अपने घर आया हुआ था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

