पलामू। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द में करमा पूजा के विसर्जन के दौरान कोयल नदी में डूबे पांचवें बच्चे हेमंत कुमार का शव करीब 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। हेमंत का शव गढ़वा के बेलचंपा इलाके में नदी की धार से मिला। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

करम डाल विसर्जन के दौरान हुआ था हादसा

बुधवार को पतरिया खुर्द में करमा पूजा के दौरान करम डाल का विसर्जन करने के लिए लोग कोयल नदी में पहुंचे थे। इसी दौरान पांच लड़के नदी में डूब गए थे। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया।

चार बच्चों के शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर के दायरे में ही बरामद कर लिए गए थे, जबकि हेमंत कुमार का कोई पता नहीं चल सका था।

NDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

पलामू जिला प्रशासन ने हेमंत की तलाश के लिए NDRF की टीम को तैनात किया था। गुरुवार से NDRF की टीम नदी में लगातार तलाशी अभियान चला रही थी। शुक्रवार को पुलिस और NDRF की संयुक्त टीम को सफलता मिली और गढ़वा के बेलचंपा क्षेत्र से हेमंत का शव बरामद कर लिया गया।

शव मिलने की जानकारी के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में डूबे थे पांचों दोस्त

चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि हेमंत कुमार का शव गढ़वा के बेलचंपा इलाके से बरामद हुआ है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

बताया गया कि हादसे में जान गंवाने वाले पांचों बच्चे आपस में दोस्त थे और एक ही गांव व मोहल्ले के रहने वाले थे। करम डाल विसर्जन के दौरान एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में सभी नदी में डूब गए थे।