पलामू। मेदिनीनगर के टाउन थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन रोड पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सब्जी लदे पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार ई-कॉमर्स कंपनी के एक डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। हादसा रात 12 बजे के बाद हुआ।

पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत

जानकारी के अनुसार, ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करने वाले विश्वनारायण और विनीत कुमार बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइन रोड पर सब्जी लदे एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विश्वनारायण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि विनीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल विनीत को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया।

पिकअप जब्त, एक संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं, पिकअप पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट

बताया जा रहा है कि हादसे में विश्वनारायण के सिर में गंभीर चोट लगी थी। बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार बाइक चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील करती रही है।

मृतक विश्वनारायण चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो गांव का रहने वाला था, जबकि घायल विनीत कुमार टाउन थाना क्षेत्र के हमीदगंज के निवासी हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।