पलामू। जिले के हुसैनाबाद में बुधवार देर शाम दर्दनाक रेल हादसे में पूर्व निर्दलीय विधायक प्रत्याशी और सेवानिवृत्त शिक्षक अवधेश सिंह की मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल से रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी उनकी बाइक ट्रैक पर फंस गई। इसी दौरान तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक पर फंस गई थी मोटरसाइकिल
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे अवधेश सिंह जपला बाजार से मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महुआरी देहरी गांव के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय उनकी बाइक अचानक ट्रैक पर फंस गई और बंद हो गई।
बताया जा रहा है कि अवधेश सिंह बाइक को ट्रैक से हटाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही मालगाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेन उन्हें कुछ दूर तक घसीटती हुई ले गई, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
कांग्रेस से भी जुड़े रहे थे अवधेश सिंह
अवधेश सिंह हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र से पूर्व निर्दलीय उम्मीदवार रहे थे। वह कांग्रेस पार्टी से भी जुड़े रहे थे। इलाके में उनकी पहचान एक शिक्षक के रूप में भी थी। उनकी मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
RPF ने शुरू की जांच
आरपीएफ पोस्ट जपला के उप निरीक्षक उमाकांत राम ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
अवधेश सिंह के निधन पर पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह उर्फ टूटू सिंह और मध्य जिला परिषद क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी मिथिलेश सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अवधेश सिंह के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

