मेदिनीनगर (पलामू)। दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पलामू पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर गुरुवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई। इस दौरान कई गांवों में शराब बनाने के लिए रखा गया जावा महुआ और तैयार महुआ शराब नष्ट किया गया।

कई गांवों में पुलिस की छापेमारी

पुलिस अभियान के तहत किसुनपुर पिकेट क्षेत्र के अंगरा, अरेदाना और जागोडीह गांवों में छापेमारी कर करीब 150 किलोग्राम जावा महुआ और अवैध शराब नष्ट की गई। वहीं, नावा जयपुर थाना क्षेत्र के हुरदगा गांव में 250 किलोग्राम तथा उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही गांव में 150 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया।

तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव स्थित यादव टोला में 60 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया। इसके अलावा कसमार गांव में 40 किलोग्राम जावा महुआ और पांच लीटर महुआ शराब भी नष्ट की गई।

गुप्त सूचना पर भी हुई कार्रवाई

पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब 100 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया। वहीं, पीपरा थाना क्षेत्र के गजना गांव में अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 200 लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया। रोंगा और बुड रोंगा गांवों में भी करीब 150 लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया।

पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की गई है। अभियान का उद्देश्य शराब के अवैध निर्माण और बिक्री पर रोक लगाना है, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी अपने स्थानीय थाना अथवा पुलिस को दें। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।