छतरपुर (पलामू)। छतरपुर थाना क्षेत्र के एनएच-98 पर रुदवा के समीप रविवार देर रात करीब दो बजे दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय वीरेंद्र यादव के रूप में हुई है। वह कोडरमा जिले के डोमचांच बरियाबाग का रहने वाला था।
आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकराया वाहन
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र यादव रायपुर से छरी लदा ट्रक (जेएच-02 बीएम-0961) लेकर किशनगंज जा रहा था। रुदवा के पास उसका ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे दूसरे ट्रक से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला और गंभीर हालत में छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज गति में था और अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
दूसरा ट्रक लेकर चालक फरार
हादसे के बाद दूसरे ट्रक का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक एनएच-98 पर आवागमन भी प्रभावित रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेज दिया है।
थाना प्रभारी सौरभ ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार ट्रक चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।


