Pali businessman murder case: पाली जिले के देसूरी क्षेत्र के रहने वाले 55 वर्षीय व्यापारी मोहनलाल परमार की महाराष्ट्र के पालघर में हत्या कर दी गई। आरोप है कि कार खरीदने और कर्ज चुकाने के लिए पैसे नहीं मिलने पर उनके 28 वर्षीय बेटे मुकेश परमार ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टाइल और स्लैब काटने वाली इलेक्ट्रिक ग्राइंडर खरीदी थी। हत्या के बाद फरार हुए मुकेश को गुजरात के भरूच से गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को मोहनलाल का उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

संपत्ति की रकम को लेकर पिता-पुत्र में अनबन

मोहनलाल परमार मूल रूप से पाली जिले के देसूरी क्षेत्र के केरली बास के निवासी थे। वह मुंबई के दादर इलाके में बर्तनों की दुकान चलाते थे और बेटे मुकेश के साथ रहते थे।

जानकारी के अनुसार, मुंबई में एक संपत्ति बेचने से मिली रकम को लेकर पिता और बेटे के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। इसी बीच मुकेश ने पिता से कर्ज चुकाने और कार खरीदने के लिए पैसे मांगे थे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर विवाद बढ़ गया और मुकेश ने अपने पिता की हत्या कर दी।

घर से निकला, इलेक्ट्रिक ग्राइंडर खरीदकर लौटा

पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर पिता के साथ बहस के बाद मुकेश घर से बाहर चला गया। इसके बाद उसने एक हार्डवेयर दुकान से इलेक्ट्रिक ग्राइंडर खरीदी। इस मशीन का इस्तेमाल टाइल और स्लैब काटने में किया जाता है।

आरोप है कि घर लौटने के बाद मुकेश ने इसी मशीन से पिता पर हमला किया। गंभीर चोटों के कारण मोहनलाल की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

रिश्तेदारों को नहीं हुआ संपर्क, घर पहुंचने पर मिला शव

मोहनलाल से संपर्क नहीं हो पाने पर उनके रिश्तेदारों को चिंता हुई। उन्होंने एक परिचित को घर भेजकर उनका हाल जानने को कहा। परिचित घर पहुंचा तो मोहनलाल का शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाईं। फरार मुकेश को गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे सोमवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। पुलिस उससे हत्या और पिता-पुत्र के बीच विवाद से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।

देसूरी में अंतिम संस्कार, परिवार में शोक

महाराष्ट्र में हुई हत्या की खबर पाली जिले के देसूरी स्थित पैतृक गांव पहुंची तो परिवार और ग्रामीणों में शोक छा गया। मोहनलाल का शव सोमवार देर रात गांव लाया गया। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।

बताया गया कि उनकी पत्नी कुछ दिन पहले ही देसूरी आई थीं। इस घटना से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पैसों के विवाद और हत्या से जुड़े घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

पढ़ें ये खबरें