कौशांबी. उत्तर प्रदेश की सिराथू विधानसभा सीट से विधायक पल्लवी पटेल ने माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद उनके परिवार से मुलाकात की है. पल्लवी पटेल ने अतीक के बेटे अहजम से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार का दुख साझा किया.
इस मुलाकात की तस्वीरें पल्लवी पटेल ने सोशल मीडिया पर भी साझा की हैं. तस्वीरों में वह अहजम से बातचीत करती हुई और परिवार के बच्चों के बीच बैठी हुई नजर आ रही हैं. विधायक ने अपने पोस्ट में दिवंगत आबान की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की कामना की.
ये भी पढ़ें- CM योगी ने शासकीय आवास पर किया ध्वजारोहण, कहा- आज भारत हर क्षेत्र में बढ़ रहा आगे
पल्लवी पटेल ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
पल्लवी पटेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पूर्व सांसद मरहूम जनाब अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद के सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के बाद उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने तथागत गौतम बुद्ध से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत मिले.
झांसी में सड़क हादसे में हुई थी आबान की मौत
अतीक अहमद के 21 वर्षीय बेटे आबान अहमद की 6 अगस्त को झांसी जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई थी. बताया गया कि आबान अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने प्रयागराज से झांसी जेल जा रहा था. रास्ते में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में आबान और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हुए थे.
जनाजे में शामिल हुए थे अली और उमर
आबान अहमद का अंतिम संस्कार प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में किया गया था. इस दौरान उनके भाई अली और उमर भी शामिल हुए थे. दोनों को अदालत से पैरोल मिलने के बाद जनाजे में शामिल होने की अनुमति मिली थी. अतीक अहमद के दो बेटे अली और उमर पहले से जेल में बंद हैं. आबान की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- लखनऊ में 15 अगस्त के दिन दर्दनाक हादसा: ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 मजदूरों की मौत से मचा कोहराम
अशरफ के बच्चों से भी मिलीं विधायक
घटना के करीब एक सप्ताह बाद पल्लवी पटेल अतीक परिवार से मिलने पहुंचीं. उन्होंने अतीक के बेटे अहजम के अलावा अतीक के भाई अशरफ के बच्चों से भी मुलाकात की और परिवार के सदस्यों से बातचीत की. पल्लवी पटेल समाजवादी पार्टी गठबंधन और अपना दल (कमेरावादी) की नेता हैं. उनकी इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.


