पलवल। बघौला गांव में नेशनल हाईवे-19 के पास हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए ट्रक से फैलने वाले करंट की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान बघौला निवासी प्रेम चंद के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई दुर्गा प्रसाद की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रक को आगे-पीछे कर रहा था ड्राइवर

दुर्गा प्रसाद ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई प्रेम चंद के साथ खेतों से घर लौट रहे थे। गांव के पास सड़क पर जाम लगा था। ग्रामीण जाम खुलवाने की कोशिश कर रहे थे।

इसी दौरान नेशनल हाईवे-19 पर एक ट्रक पहुंचा। शिकायत के मुताबिक, ड्राइवर ट्रक को आगे-पीछे कर रहा था। वहां मौजूद लोगों ने उसे ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की बिजली लाइन के बारे में चेतावनी दी। लोगों ने आशंका जताई कि ट्रक की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण वह तारों से टकरा सकता है।

तार से टकराते ही ट्रक में फैला करंट

शिकायत के अनुसार, चेतावनी के बावजूद ड्राइवर ट्रक को आगे-पीछे करता रहा। इसी दौरान ट्रक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही जोरदार धमाका हुआ और ट्रक में करंट फैल गया।

इसी दौरान ड्राइवर के ट्रक को आगे-पीछे करने पर प्रेम चंद का हाथ ट्रक से छू गया। वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

हादसे के बाद दुर्गा प्रसाद और स्थानीय लोग प्रेम चंद को फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर गदपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फरीदाबाद के बीके अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m