पलवल: दिल्ली के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में सुरक्षाकर्मी (सिक्योरिटी गार्ड) के रूप में तैनात एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने का आरोप हरियाणा के पलवल जिले के हुचपुरी गांव के तीन युवकों पर लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की सघन तफ्तीश में जुट गई है।
शादी का झांसा देकर बनाए अश्लील वीडियो
शिकायत के मुताबिक, यह पूरा मामला करीब दो साल पहले शुरू हुआ था। ड्यूटी के दौरान पीड़िता की मुलाकात नईम अहमद नाम के युवक से हुई थी, जिसकी जान-पहचान की एक महिला अस्पताल में भर्ती थी। बातचीत के दौरान नईम ने महिला का फोन नंबर ले लिया। आरोप है कि इसके बाद नईम ने शादी का झांसा देकर पीड़िता को अपने जाल में फंसाया और धोखे से उसकी कुछ बेहद आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
वीडियो डिलीट करने के नाम पर ऐंठे लाखों रुपए
इन अश्लील वीडियो को हथियार बनाकर आरोपी नईम ने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। करीब छह महीने पहले उसने बदनामी का डर दिखाकर पीड़िता से एक लाख रुपए वसूल लिए। ब्लैकमेलिंग का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। बीते 15 अक्टूबर को नईम ने वीडियो पूरी तरह डिलीट करने का वादा किया और इसके बदले डेढ़ लाख रुपए की और मांग कर डाली। उसने पैसे लेकर महिला को अपने गांव हुचपुरी बुलाया।
झाड़ियों में ले जाकर किया गैंगरेप
आरोपी की धमकियों से परेशान होकर महिला किसी तरह 50 हजार रुपए का इंतजाम कर मेट्रो से गुरुग्राम पहुंची और वहां से टैक्सी लेकर हुचपुरी गांव आ गई। आरोप है कि जैसे ही वह गांव पहुंची, नईम उसे गांव के बाहर बने एक वाटर पंप हाउस के पीछे सुनसान झाड़ियों में ले गया। वहां नईम ने अपने दोस्त मुस्तफा और एक अन्य साथी के साथ मिलकर महिला के पास मौजूद 50 हजार रुपए छीन लिए और फिर तीनों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
इस घिनौनी वारदात के बाद बदहवास पीड़िता ने पलवल के हथीन थाना पुलिस से संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
- मेडिकल स्टोर पर हाईवोल्टेज ड्रामा: इलाज कराने पहुंची महिला ने संचालक पर लगाया छेड़खानी का आरोप, बीच बाजार जमकर की धुनाई
- इंदौर हाईकोर्ट में जजों की कमी का मुद्दा चीफ जस्टिस तक पहुंचा, अधिवक्ता संघ की मांग पर जल्द मिल सकते हैं 2 नए जज!
- फिलीपींस में ट्रेनिंग के दौरान दो सैन्य विमानों की टक्कर, 4 पायलटों की मौत; SF-260 विमानों की उड़ान पर रोक
- दिल्ली के स्कूल में 12वीं की छात्रा ने खुद को लगाई आग, मौके पर हुई मौत; परिसर में मचा हड़कंप
- मुंगेली और बिलासपुर में बनेंगे नए पुल, डिप्टी सीएम अरुण साव ने 14.25 करोड़ रुपये की दी मंजूरी

