पलवल। पलवल के सिविल (सरकारी) अस्पताल में अपनी पत्नी की डिलीवरी कराने पहुंचे एक व्यक्ति और अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पति का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उसकी पत्नी को 7 घंटे से ब्लीडिंग हो रही थी, लेकिन बार-बार बुलाने पर भी कोई स्वास्थ्यकर्मी इलाज के लिए नहीं पहुंचा। इस बात को लेकर अस्पताल परिसर में विवाद बढ़ गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई।
फोन में मस्त रहने और अभद्रता का आरोप
पीड़ित पति ने आरोप लगाया है कि नर्सिंग स्टाफ फोन इस्तेमाल करने में मस्त था और बार-बार मरीज के पास आने से मना कर रहा था। जब वह खुद उनके कमरे में बुलाने पहुंचा, तो स्टाफ ने कहा कि बच्चा मरे या जच्चा, उन्हें इससे कोई मतलब नहीं है और जिसने ऑपरेशन किया है उसी के पास जाओ। जब पति ने जोर देकर अपनी पत्नी का इलाज करने की बात कही, तो नर्सिंग स्टाफ ने उसके साथ मारपीट कर दी।
पुलिस में शिकायत और बयान दर्ज
घटना के बाद नर्सिंग स्टाफ और महिला के पति दोनों पक्षों की तरफ से हथीन गेट चौकी पुलिस को शिकायत दी गई है। मामले पर पुलिस का कहना है कि इलाज के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
एसएमओ बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजय ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह मामले की जांच कराएंगे। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त एक्शन लिया जाएगा
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

