दीपक भारद्धाज, पलवल। पलवल पुलिस ने वर्ष 2025 में गांव पातली खुर्द में हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए सीआईए पलवल की टीम ने मामले के दसवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईए पलवल प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में आरोपी भारतपाल निवासी भाटिया कॉलोनी, पलवल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 28 मार्च 2025 की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता लखनपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि गांव के लोग शामलात देह की जमीन को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप था कि आर.सी. अग्रवाल नामक व्यक्ति ने राजस्व रिकॉर्ड में गलत तरीके से अपना नाम दर्ज करा लिया था।
इसी दौरान अशोक पुत्र रघुवीर ट्रैक्टर लेकर जमीन जोतने पहुंचा। जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो आरोपी अपने परिजनों और बाहरी लोगों के साथ हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंच गया। आरोपियों के पास देसी कट्टा, पिस्तौल, कुल्हाड़ी, हथौड़ा और लाठी-डंडे थे।
ग्रामीणों पर की गई फायरिंग
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने धरना दे रहे ग्रामीणों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। हवा में गोलियां चलाई गईं और लाठी-डंडों, सरियों व हथौड़ों से हमला किया गया। इस हमले में विपिन, विनोद, राहुल और मनोज घायल हो गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने इससे पहले मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इनमें सुभाष, अर्जुन उर्फ गजराज, डालचंद, यादराम उर्फ विक्की, राहुल, विशेष, इनामी आरोपी बलराम, अशोक और श्रीपाल शामिल हैं।
पुलिस का सख्त संदेश
सीआईए पलवल प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है। वारदात से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। पलवल पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

