पलवल: पलवल के रजपुरा गांव में बुधवार रात एक ही घर से दो मौतों की खबर ने सनसनी फैला दी। आरोप है कि नशे की हालत में 26 वर्षीय युवक ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी और महज 40 दिन के बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने घर की छत से छलांग लगा दी। घायल अवस्था में उसे जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

मृतका की पहचान शगुफ्ता के रूप में हुई है। आरोपी की पहचान सोहेल खान पुत्र यतीम खान के तौर पर हुई है। बताया गया है कि सोहेल गांव में सीएससी सेंटर चलाता था। दोनों का विवाह 20 अप्रैल 2023 को हुआ था।

आरोपी ने नशे में गुस्सा आने की बात कही

पुलिस के अनुसार, अस्पताल में उपचार के दौरान सोहेल ने कथित तौर पर पत्नी और बच्चे की मौत की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि वह नशे में था और रात में किसी बात को लेकर उसे गुस्सा आ गया। इसी दौरान उसने पत्नी और बच्चे को मार डाला।

आरोपी ने कथित तौर पर अपने किए पर पछतावा भी जताया और पुलिस से कहा कि वह जल्द से जल्द फांसी चाहता है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना की पूरी परिस्थितियां जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होंगी।

मायके वालों ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद शगुफ्ता के मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। मृतका की बहन समेत अन्य परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर शगुफ्ता को परेशान करने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप लगाए।

परिजनों का कहना है कि शादी के समय करीब चार लाख रुपये नकद और घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से कथित तौर पर अतिरिक्त सामान की मांग जारी रही। उनका आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद एसी समेत अन्य सामान दिए जाने के बावजूद शगुफ्ता के साथ मारपीट और प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका।

शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन

दो मौतों से गुस्साए मायके पक्ष के लोगों और महिलाओं ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए शव को स्ट्रेचर समेत सड़क पर रख दिया, जिससे रास्ता बाधित हो गया।

सदर थाना प्रभारी हरकिशन ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। विरोध कर रही महिलाओं और परिजनों को शांत कराने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया।

शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे बढ़ेगी जांच

सदर थाना प्रभारी हरकिशन के मुताबिक, मृतका के परिवार की ओर से फिलहाल लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने महिला और बच्चे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। आरोपी पति भी उपचार के दौरान पुलिस की निगरानी में है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों की शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।