पंचकूला। सेक्टर-10 में रियल एस्टेट कारोबारी से 5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित राजेंद्र गुप्ता का आरोप है कि दो आरोपी मुंबई के कैंसर स्पेशलिस्ट डॉक्टर बनकर उनके घर पहुंचे थे। उनकी पत्नी रेणु गुप्ता कैंसर से पीड़ित हैं। आरोपियों ने इलाज का झांसा देकर दंपती को कथित तौर पर नशीला पदार्थ सुंघाया। इसके बाद सिरिंज दिखाकर 5 लाख रुपये कैश ले गए। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। राजेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बस में हुई थी आरोपी से पहली मुलाकात
राजेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी के बाएं हाथ में कैंसर है। करीब दो महीने पहले वह पत्नी के इलाज के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बस में उनकी मुलाकात मनोज मेहरा नाम के युवक से हुई।
राजेंद्र के मुताबिक, मनोज ने दावा किया कि मुंबई से एक बड़ा डॉक्टर आता है। वह उनकी पत्नी का इलाज कर कैंसर ठीक कर सकता है। इसके बाद उसने रेणु का मोबाइल नंबर लिया और लगातार संपर्क में रहा।
डॉक्टर को घर बुलाने से पहले रखी शर्त
पीड़ित के मुताबिक, मनोज ने कहा था कि जिस दिन डॉक्टर घर आएंगे, उस समय परिवार के अलावा कोई दूसरा व्यक्ति घर में मौजूद नहीं होना चाहिए। 25 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे मनोज एक अन्य व्यक्ति के साथ उनके घर पहुंचा।
दोनों आरोपी डॉक्टर बनकर घर में दाखिल हुए थे। CCTV फुटेज में दोनों वेल ड्रेस्ड नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में बैग भी दिखाई दे रहा है।
नशीला पदार्थ सुंघाने का आरोप
राजेंद्र गुप्ता का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद दोनों ने इलाज के नाम पर दंपती को कोई नशीला पदार्थ सुंघाया। इसके बाद उनकी मानसिक स्थिति भ्रमित हो गई।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने इसके बाद सिरिंज निकाली और उसे दिखाकर डराना-धमकाना शुरू किया। उन्होंने 5 लाख रुपये की मांग की।
चेक से भुगतान की बात कही, लेकिन कैश ले गए
राजेंद्र ने बताया कि उस समय वह अपना होश खो चुके थे। उन्होंने आरोपियों से चेक के जरिए भुगतान करने की बात कही। लेकिन आरोपियों ने सिरिंज दिखाकर तुरंत कैश देने के लिए दबाव बनाया। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने आरोपियों को 5 लाख रुपये कैश दे दिए। पैसे लेने के बाद दोनों आरोपी दो दिन बाद दोबारा फोन करने की बात कहकर वहां से चले गए। इसके बाद दोनों मोबाइल नंबर बंद आने लगे।
CCTV से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
राजेंद्र गुप्ता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।
पुलिस दोनों आरोपियों को मोबाइल नंबरों के जरिए भी ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



