कृष्ण कुमार सैनी ,पंचकूला। योग सिखाने की आड़ में एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-21 में योग सेंटर चलाने वाली एक महिला इंस्ट्रक्टर ने एक युवक को अपने ‘हनी ट्रैप’ के जाल में फंसाकर उससे लाखों की वसूली की।

जब महिला की भूख नहीं मिटी और उसने 6 लाख रुपये की भारी-भरकम डिमांड रख दी, तो पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

कैसे फंसाया जाल में?
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि पीड़ित व्यक्ति वर्ष 2024 में सेक्टर-21 स्थित योगा सेंटर में नियमित रूप से व्यायाम करने जाता था। कुछ समय बाद पीड़ित ने योगा छोड़ दिया, लेकिन महिला ने उसे आर्थिक मदद के नाम पर संपर्क साधा। मानवता के नाते युवक ने उसे 30 हजार रुपये भेजे, लेकिन यही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई।

इसी मुलाकात का फायदा उठाकर महिला ने युवक का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का सिलसिला।

किश्तों में वसूले 2.71 लाख, फिर मांगी 6 लाख की रंगदारी
आरोपी महिला ने वीडियो को वायरल करने और परिवार को बदनाम करने की धमकी देकर युवक को मानसिक रूप से तोड़ दिया। डर के साये में जी रहे युवक ने महिला को किश्तों में अब तक 2.71 लाख रुपये दे दिए। लेकिन महिला की लालच यहीं नहीं रुकी और उसने 6 लाख रुपये की और मांग कर दी। तंग आकर युवक ने पंचकूला पुलिस को आपबीती सुनाई।

पंजाब से हुई गिरफ्तारी, पुलिस ने किया अलर्ट
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 अप्रैल को महिला को पंजाब स्थित उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को मौके से कई आधुनिक मोबाइल फोन (iPhone 17, OnePlus) बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस लेडी योगा इंस्ट्रक्टर ने कितने और लोगों को अपना शिकार बनाया है।

पंचकूला पुलिस की अपील:
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने शहरवासियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा, “अगर आप किसी भी प्रकार की ऑनलाइन या व्यक्तिगत ब्लैकमेलिंग के शिकार हैं, तो घबराएं नहीं। तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि ऐसे गिरोहों का पर्दाफाश किया जा सके और आपकी निजता सुरक्षित रहे।”