पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला जिले के रायपुररानी क्षेत्र में लगातार हो रही लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस और क्राइम टीम ने शनिवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया था, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को देखकर भागे बदमाश, टाबर कट के पास घेराबंदी
रायपुररानी थाना प्रबंधक को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में हाल ही में चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदातों में शामिल आरोपी किसी नई वारदात को अंजाम देने के लिए इलाके में आए हैं। इस सूचना के बाद रायपुररानी थाना पुलिस और क्राइम की विशेष टीमों ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी एक बाइक पर सवार होकर टाबर कट से नदी की तरफ भागने लगे।
पुलिस पर फायरिंग और चाकू से हमला
एसएचओ रायपुररानी और क्राइम टीम ने जब आरोपियों का पीछा किया, तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर देसी कट्टे से सीधी फायरिंग कर दी। इतना ही नहीं, एक आरोपी ने पुलिसकर्मी पर चाकू से भी हमला कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं, जो दो आरोपियों की टांगों में लगीं। इसके बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान और बरामदगी
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुरुक्षेत्र और अंबाला जिले के निवासियों के रूप में हुई है। इनकी पहचान अंबाला निवासी दीपक उर्फ गोलू (23), अनिमेश उर्फ मोनू (27) और कुरुक्षेत्र निवासी लखविंदर उर्फ मोनू (25) के तौर पर हुई है। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल बाइक और हथियार बरामद कर लिए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद डीसीपी क्राइम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

