Panchkula School Incident : पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में स्कूल के भीतर KG कक्षा की एक मासूम बच्ची के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। घटना को लेकर अब बच्ची के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का दावा है कि जिस तीसरी कक्षा के छात्र पर बच्ची के साथ मारपीट करने का आरोप है, वही उन्हें घायल बच्ची तक लेकर पहुंचा था।

पिता के बुलाने का बहाना बनाकर पहली मंजिल पर ले गया

मामला सेक्टर-20 स्थित शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल का है। बच्ची के चाचा फाजिल के मुताबिक, तीसरी कक्षा का छात्र बच्ची को उसके पिता के बुलाने की बात कहकर स्कूल की पहली मंजिल पर ले गया था। परिजनों का आरोप है कि वहां बच्ची के साथ मारपीट की गई।

पत्थर और गमले से हमला करने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्ची को पहले पत्थर से चोट पहुंचाई गई और फिर गमले से हमला किया गया। इतना ही नहीं, बच्ची के घायल होने और बेसुध हो जाने के बाद भी उसे घसीटने की बात कही गई है। जब परिवार के लोग स्कूल में बच्ची को तलाश रहे थे, तब वही छात्र उन्हें उस स्थान पर लेकर पहुंचा, जहां बच्ची घायल अवस्था में पड़ी थी।

स्कूल के CCTV कैमरों की निगरानी पर उठे सवाल

घटना के बाद परिजनों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी प्रिंसिपल के कार्यालय से होती है, तो फिर इतनी बड़ी घटना किसी की नजर में क्यों नहीं आई?

परिजनों का सवाल है कि अगर समय रहते शिक्षकों या स्कूल कर्मचारियों को घटना की जानकारी मिल जाती, तो बच्ची को गंभीर चोटों से बचाया जा सकता था। फिलहाल इस मामले में परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m