पंचकूला। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित नाटक के मंचन के दौरान स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे। कई स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने आरोप लगाया कि वे दोपहर 2 से 3 बजे के बीच कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे, लेकिन कई घंटे इंतजार के बावजूद उन्हें खाने-पीने के लिए कुछ नहीं मिला।
सेक्टर-15 स्थित पीएम श्री गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने बस में लौटते समय बताया कि वे दोपहर से कार्यक्रम में मौजूद थीं, लेकिन उन्हें खाना या रिफ्रेशमेंट नहीं दी गई। मानव मंगल स्कूल के छात्र सार्थक ने भी बताया कि वह करीब 3 बजे से वहां था और उसे कोई रिफ्रेशमेंट नहीं मिली। हालांकि, उसने कहा कि वह घर से खाना खाकर आया था।
देर होने पर कुछ स्कूलों के बच्चे बीच में लौटे
कार्यक्रम में सतलुज स्कूल पंचकूला, सीएल डीएवी स्कूल सेक्टर-11, गवर्नमेंट स्कूल सेक्टर-7 सहित कई स्कूलों के विद्यार्थी पहुंचे थे। कुछ स्कूलों के बच्चे नाटक खत्म होने से पहले ही लौटने लगे।
शिक्षकों ने बताया कि कार्यक्रम में देर होने के कारण बच्चों के अभिभावक चिंतित थे। उनके लगातार फोन आ रहे थे। इसी वजह से बच्चों को लेकर वापस जाना पड़ा।
पीएम श्री गर्ल्स स्कूल की एक शिक्षिका ने बताया कि बच्चों को जल्दी ले जाना जरूरी था, क्योंकि देर होने से अभिभावक परेशान हो रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम सुबह आयोजित किया जाना चाहिए था। शिक्षिका ने यह भी आरोप लगाया कि कई घंटे इंतजार के बावजूद रिफ्रेशमेंट के पैकेट तक नहीं खोले गए थे। हालांकि, जिन स्कूलों के विद्यार्थी नाटक देखने के बाद लौटे, उन्हें रिफ्रेशमेंट मिल गई थी।
लाइट बंद होने पर बच्चों ने की हूटिंग
नाटक शुरू होने से पहले अचानक लाइट बंद कर दी गई। इस पर बच्चों ने हूटिंग और सीटी बजानी शुरू कर दी। कुछ देर तक शोर जारी रहा। इसके बाद मंच से एक महिला ने माइक पर बताया कि लाइट गई नहीं है, बल्कि नाटक के मंचन की प्रक्रिया का हिस्सा है। इसके बाद बच्चे शांत हुए और नाटक शुरू हुआ। अधिकारियों ने भी बताया कि मंचन की जरूरत के अनुसार कुछ समय के लिए लाइट बंद की गई थी। इस दौरान शिक्षक बच्चों को शांत करवाते नजर आए।
जनसंपर्क विभाग के सचिव ने जांच की बात कही
मामले को लेकर हरियाणा जनसंपर्क विभाग के कमिश्नर एवं सचिव केएम पांडुरंग से बात की गई। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही कहा कि वे मामले को चेक करवाएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

