सुनील उपाध्याय, छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। करवा चौथ के व्रत को ‘खसम पूजन दिवस’ बताने के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चाओं के बीच अब बाबा बागेश्वर ने खुद सामने आकर सफाई दी और वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंडी भाषा में पति को खसम कहा जाता है और उन्होंने इसी स्थानीय बोलचाल के अंदाज में यह बात कही थी। इतना ही नहीं, उन्होंने मंच से मौजूद महिलाओं से भी पूछा कि बुंदेलखंड में पति को खसम ही कहते हैं ना?
दरअसल, मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान 26 अक्टूबर को सीधी बात कार्यक्रम में एक श्रद्धालु ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से सवाल किया था कि उसकी नई-नई शादी हुई है, तो क्या उसकी पत्नी करवा चौथ का व्रत रख सकती है?
इस सवाल का जवाब देते हुए बाबा बागेश्वर ने मजाकिया अंदाज में करवा चौथ को ‘खसम पूजन दिवस’ का नाम दे दिया था। उन्होंने कहा था कि महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए एक दिन व्रत रखती हैं, लेकिन बाकी 364 दिन पतियों को ताने नहीं मारने चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

