सुनील उपाध्याय, छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए कुछ ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान दिए गए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कोई इसे मजाकिया अंदाज बता रहा है, तो कई लोग इसे भगवान श्रीकृष्ण का अपमान बताते हुए नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

दरअसल, शिवपुरी के करैरा में श्रीराम कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते नजर आए। वायरल वीडियो में बाबा कहते सुनाई दे रहे हैं कि उनके भगवान सीधे खड़े होते हैं, जबकि ठाकुर जी तीन जगह से टेढ़े होते हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी बजाने की मुद्रा और वृंदावन धाम का भी जिक्र किया।

इतना ही नहीं, उन्होंने बांसुरी बजाने और भगवान श्रीराम के धनुष चलाने की तुलना करते हुए कहा कि बांसुरी बजाना तो खेल है, लेकिन धनुष चलाना कोई खेल नहीं।बाबा के इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई लोग इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बयान बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे कथा के दौरान किया गया हास्य-विनोद बता रहे हैं। वहीं, इस बयान को लेकर विरोध के स्वर भी उठने लगे हैं। 

हालांकि, वायरल वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री यह भी कहते सुनाई देते हैं कि इसका मतलब यह नहीं है कि वह ठाकुर जी के विरोधी हैं, उन्होंने यह बात विनोद के अंदाज में कही है।फिलहाल बाबा बागेश्वर का यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल यह है कि सनातन धर्म में भगवान राम और भगवान कृष्ण दोनों की अपनी अलग-अलग महिमा और मान्यता है, ऐसे में उनकी तुलना करते हुए इस्तेमाल की गई भाषा पर उठ रहे सवालों को किस तरह देखा जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m