पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईरान युद्ध के बीच देशवासियों से की गई अपील का असर अब जमीनी स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित युवराज पांडे ने पीएम मोदी के संदेश का समर्थन करते हुए अपने काफिले में कटौती कर देशभक्ति का संदेश दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि मंत्री, सांसद और विधायक भी अपने काफिलों में कटौती करें, तभी इसका वास्तविक असर समाज में दिखाई देगा।

बता दें कि गरियाबंद जिले के देवभोग में आयोजित भागवत महापुराण कथा में पहुंचने से पहले पंडित युवराज पांडे ने अपने अनुयायियों के साथ बैठक कर अनावश्यक वाहनों के उपयोग को कम करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि दिखावे के लिए लंबे वाहन काफिले निकालने से बचें और जरूरत पड़ने पर पैदल या बाइक का उपयोग करें। इसका असर कथा स्थल पर साफ तौर पर देखने को मिला, जहां पहले की तुलना में वाहनों की संख्या काफी कम नजर आई।

“देशहित में सभी को करनी होगी पहल”

पंडित युवराज पांडे ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए हर नागरिक को जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने सरकार और जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने लंबे काफिलों और अनावश्यक वाहन उपयोग में कटौती करें, ताकि ईंधन की बचत हो और जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल आम जनता के लिए नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों और बड़े पदों पर बैठे लोगों के लिए भी उतनी ही जरूरी है। ऊपर से बदलाव शुरू होगा तभी उसका असर नीचे तक पहुंचेगा।

देखें VIDEO

PM मोदी ने की थी बड़ी अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए देशवासियों से सोना खरीदने में संयम बरतने, विदेश यात्राएं कम करने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील की थी। उन्होंने कंपनियों से वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन मीटिंग्स को बढ़ावा देने की बात भी कही थी।

पीएम मोदी ने कहा था कि ईरान युद्ध की वजह से दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर असर पड़ा है। ऐसे समय में ईंधन की बचत बेहद जरूरी है। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौरान देश ने वर्क फ्रॉम होम, वीडियो कॉन्फ्रेंस और ऑनलाइन बैठकों जैसी व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक अपनाया था, जिन्हें फिर से प्राथमिकता देने की जरूरत है।

गौरतलब है कि पीएम मोदी की इस अपील की वजह यह है कि 2025-26 में भारत का व्यापार घाटा बढ़ रहा है। चीन और दूसरे देशों का सस्ता सामान इस घाटे को और बढ़ा करता है। भारतीय सामान खरीदने से आयात कम होगा और देश के उद्योग और रोजगार को फायदा मिलेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H