गढ़वा जिले के खरौंदी प्रखंड स्थित एक हॉस्टल की 100 लड़कियां शुक्रवार शाम अचानक बीमार पड़ गईं. छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचाया गया. एक-एक कर सभी को उल्टी, दस्त की शिकायत हो गई. सभी छात्राओं को दूषित भोजन (फूड प्वाइजनिंग) और भीषण गर्मी में टंकी का खौलता पानी पीने के कारण मौत पर बन आयी.
खरौंधी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शुक्रवार को प्रशासनिक और मानवीय संवेदनहीनता की सारी हदें पार होते देखने को मिली.
झारखंड के गढ़वा जिले से हैरान करने वाला बहुत बड़ा मामला सामने आया. कुल 300 छात्राओं वाले इस विद्यालय में कुप्रबंधन का आलम यह था कि घटना के वक्त हॉस्टल पूरी तरह गार्ड के भरोसे था, न तो वॉर्डन मौके पर थीं और न ही एकाउंटेंट. मानवता तो तब शर्मसार हुआ जब छात्राओं को दूषित भोजन और भीषण गर्मी में टंकी का खौलता पानी पीने को मिला.
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुरुआती दौर में स्कूल प्रबंधन मामले को दबाने में जुटा रहा. बच्चियों की हालत बेहद खराब होने की सूचना पाकर जब अभिभावक हॉस्टल पहुंचे, तो प्रबंधन ने घंटों मुख्य दरवाजा बंद रखा. स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय थाना प्रभारी को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद पुलिस की कड़ाई पर हॉस्टल का दरवाजा खोला गया.
आनन-फानन में सभी को भवनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. अस्पताल पहुंची छात्राओं में से कई को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि एक दर्जन से अधिक छात्राओं को सलाइन और जरूरी दवाइयां दी गईं. डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.

घटना की सूचना मिलते ही भवनाथपुर बीडीओ नंद जी राम और अंचलाधिकारी शंभू राम अविलंब भवनाथपुर अस्पताल पहुंचे. भवनाथपुर पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह से फूड प्वाइजनिंग और अत्यधिक गर्मी में दूषित या गर्म पानी पीने का है.
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में जनरेटर की सुविधा होने के बावजूद ठंडे पानी की व्यवस्था के लिए मोटर नहीं चलाई गई. हालांकि, प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों की टीम छात्राओं के बीमार होने के कारणों की जांच कर रही है.
फिलहाल सभी छात्राओं का इलाज किया जा रहा है जहां स्थिति नियंत्रण में है और उन पर डॉक्टरों की विशेष निगरानी रखी जा रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

