अभय मिश्रा, मऊगंज। मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले से इस वक्त की बड़ी खबर…धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र देवतालाब शिव मंदिर के पीछे हरिजन बस्ती में डायनामाइट जैसी विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मंदिर से कुछ ही दूरी पर स्थित बस्ती में मिले संदिग्ध विस्फोटकों की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। रीवा से बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची, इलाके की सघन तलाशी ली गई और संदिग्ध सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आखिर यह विस्फोटक वहां कैसे पहुंचा? इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से होना था? और इसके पीछे कौन लोग हैं? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच में तलाश रही है।
READ MORE: सतना जिला अस्पताल में दुर्लभ प्रसव: 7 महीने की गर्भवती महिला ने तीन बेटियों को दिया जन्म, नॉर्मल डिलीवरी से हुआ चमत्कार
देवतालाब शिव मंदिर के पीछे स्थित बस्ती में रहने वाले संगम लाल साकेत ने पुलिस को सूचना दी कि उनके घर के पीछे संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिली है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस समेत SDOP तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। मंदिर के आसपास मौजूद लोगों में भी इस खबर के बाद दहशत का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा से बम स्क्वॉड की विशेष टीम बुलाई गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्फोटक सामग्री की जांच की और सावधानीपूर्वक उसे सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। इसके बाद सामग्री को वैज्ञानिक परीक्षण के लिए एफएसएल भेजने की तैयारी की गई, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बरामद सामग्री किस प्रकार की है और कितनी खतरनाक थी।
मऊगंज एसडीओपी सच्ची पाठक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे मामले को संज्ञान में लिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को जांच के दायरे में शामिल किया गया है। साथ ही कुछ संदेहियों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि विस्फोटक सामग्री वहां कैसे पहुंची और इसके पीछे किसकी भूमिका हो सकती है।
READ MORE: शहडोल में कुपोषण की तस्वीर चिंताजनक: 70 बिस्तरों पर 77 बच्चों का उपचार, बढ़ती संख्या बताती है कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई अभी बाकी
फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। एफएसएल की रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद सामग्री किस उद्देश्य से रखी गई थी और क्या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश का कोई संबंध है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल देवतालाब में सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हैं। विस्फोटक सामग्री मिलने की यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

