पानीपत। बबैल नाका ड्रेन के पास स्थित गुरु कृप्या ऑटोमोबाइल की दुकान में सोमवार सुबह चोरी का मामला सामने आया। चोर रात के अंधेरे में दुकान के ताले काटकर अंदर घुसे और लाखों रुपये कीमत के महंगे स्पेयर पार्ट्स चोरी कर ले गए। दुकान शुरू हुए अभी करीब पांच महीने ही हुए थे। चोरी की घटना से दुकानदार सदमे में है।
सुबह दुकान पहुंचे तो शटर खुला मिला
दुकान मालिक संजू ने बताया कि रविवार रात वह दुकान का शटर अच्छी तरह लॉक करके घर गए थे। सोमवार सुबह उनके छोटे भाई अंकित दुकान पर पहुंचे तो शटर ऊपर उठा हुआ था और ताले गायब थे। अंदर जाकर जांच करने पर दुकान से बड़ी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स गायब मिले।
कुछ सामान पैक करके दुकान में ही छोड़ गए
दुकानदार के मुताबिक चोर दुकान से कई सामान पैक करके ले जाने की तैयारी में थे। दुकान के अंदर कुछ पैक किए हुए स्पेयर पार्ट्स भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी वजह से चोर पूरा सामान नहीं ले जा सके और कुछ माल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
चोरी की जानकारी मिलते ही दुकानदार ने चांदनी बाग थाना पुलिस को शिकायत दी और आरोपियों को पकड़ने की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।
वहीं, स्थानीय दुकानदारों ने रात के समय क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि नियमित गश्त होने से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

