प्रवीण भारद्धाज, पानीपत। पानीपत जिले के बबैल गांव स्थित प्रसिद्ध श्री बालाजी मंदिर में रविवार रात चोरों ने दानपात्र तोड़कर लाखों रुपये की नकदी साफ कर दी। वारदात उस समय हुई जब मंदिर के पुजारी ईश्वर भगत रात करीब 8 बजे ज्योत जलाने के बाद गांव में स्थित अपने घर खाना खाने गए थे। चोरों ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले हलवा बनाने के लोहे के पलटे (कड़छे) से दानपात्र का ताला उखाड़ा और करीब एक साल का चढ़ावा समेटकर फरार हो गए।
10 दिन बाद ही खोला जाना था दानपात्र
वर्ष 2010 से स्थापित यह मंदिर स्थानीय ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां श्रद्धालु रोजाना चढ़ावा चढ़ाते हैं। पुजारी के अनुसार, दानपात्र से हर साल करीब 1 लाख रुपये का दान निकलता है, जिसका इस्तेमाल मंदिर के रखरखाव और निर्माण कार्यों में किया जाता है। दानपात्र में पिछले एक साल से राशि जमा हो रही थी और महज 10 दिन बाद (साल पूरा होने पर) इसे खोला जाना तय हुआ था।
मौके पर हलवे का पलटा छोड़ फरार हुए चोर
पुजारी ईश्वर भगत रविवार रात मंदिर के काम निपटाकर अपने घर गए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाकर मंदिर परिसर में प्रवेश किया। चोरों ने हलवे के लोहे के पलटे से दानपात्र के ताले व कुंडे को तोड़ दिया। इसके बाद वे दानपात्र में रखी लाखों रुपये की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए और वारदात में इस्तेमाल पलटा मौके पर ही छोड़ गए। खाना खाकर वापस लौटे पुजारी जब मंदिर पहुंचे, तो टूटा दानपात्र देखकर स्तब्ध रह गए।
ग्रामीणों में रोष, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के तुरंत बाद पुजारी ने गांव वालों और पुलिस को मामले की सूचना दी। गांव के आस्था केंद्र में हुई चोरी की इस घटना से स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



