पानीपत। पानीपत जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए आज शुक्रवार को जिला बार परिसर में मतदान जारी है। सुबह 8 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 4:30 बजे तक चलेगी। बार के कुल 2,546 मतदाता इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए प्रधान समेत 6 मुख्य पदों पर चुनाव लड़ रहे 18 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं।

EVM से कराया जा रहा मतदान, शाम को आएंगे नतीजे

चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रखने के लिए वोटिंग EVM के माध्यम से कराई जा रही है। निर्वाचन कार्यालय ने इसके लिए विशेष कर्मचारियों की तैनाती की है। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद शाम करीब 6 बजे तक चुनाव के नतीजे घोषित होने की संभावना है।

महिला वकीलों के लिए बना विशेष पिंक बूथ

चुनाव अधिकारी कर्ण सिंह पानू ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए बार परिसर में कुल 5 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। बार में दर्ज कुल 516 महिला मतदाताओं के लिए विशेष रूप से एक ‘पिंक बूथ’ स्थापित किया गया है, ताकि वे बिना किसी असुविधा के अपना वोट डाल सकें।

हर दो घंटे में जारी होंगे मतदान के आंकड़े

शेष 4 सामान्य बूथों पर प्रति बूथ 504-504 मतदाताओं के हिसाब से वोटिंग की व्यवस्था की गई है। हर दो घंटे में पोलिंग बूथों से मतदान प्रतिशत के आंकड़े सार्वजनिक किए जाएंगे। इसके अलावा शाम 4:30 बजे तक जो भी मतदाता कतार में आ जाएंगे, उन सभी का वोट डलवाया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m