पानीपत। हरियाणा के पानीपत में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गैस सिलेंडर फटने से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। धमाका इतना भीषण था कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई। इस हादसे में बुजुर्ग का साथी भी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसका उपचार जारी है।

चाय बनाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी सोमपाल अपने साथी नसीम के साथ कमरे पर मौजूद थे। दोनों कबाड़ी का काम करते थे। शाम के समय नसीम अपने साथी सोमपाल के लिए चाय बनाने की तैयारी कर रहा था। जैसे ही उसने गैस चूल्हा जलाने के लिए आग जलाई, तभी गैस रिसाव के कारण सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट होते ही पूरे कमरे में आग फैल गई।

मौके पर ही तोड़ा दम

हादसे के दौरान नसीम किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन सोमपाल आग की लपटों के बीच फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि सोमपाल को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कमरे में रखा फ्रिज, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया है।

नया सिलेंडर लाते ही हुआ विस्फोट

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस सिलेंडर में विस्फोट हुआ, उसे हादसे से महज 10 मिनट पहले ही गोदाम से लाया गया था। स्थानीय निवासियों ने घटना की सूचना तुरंत डायल 112 और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।