पानीपत, प्रवीण भारद्वाज. पानीपत में इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती के बाद एक युवती ने युवक और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि युवक ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देने के साथ उस पर अपने दोस्त के साथ भी संबंध बनाने का दबाव बनाया गया।

युवती के अनुसार, जब उसने मामले की शिकायत पुलिस से की तो आरोपी पक्ष ने शादी कराने का भरोसा देकर समझौता कराया। इसके बाद 27 फरवरी 2026 को कोर्ट में लिव-इन से जुड़े दस्तावेज तैयार कराए गए और 9 मार्च 2026 को मंदिर में दोनों की शादी कराई गई। युवती का आरोप है कि शादी के बाद भी उसका उत्पीड़न जारी रहा।

शादी के बाद दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

पीड़िता ने SP को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में कार नहीं मिलने को लेकर उसे ताने दिए जाने लगे। उसका दावा है कि 13 जुलाई की रात उसका पति उसे असंध रोड स्थित नहर के पास ले गया और जान से मारने की नीयत से नहर में धक्का दे दिया। युवती के मुताबिक, उसने किसी तरह अपनी जान बचाई।

उसने आरोप लगाया कि घर लौटने के बाद उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। परिवार के लोगों ने उसे कहीं दूर ले जाकर जान से मारने की बात कही। युवती के अनुसार, उसने रात करीब 2:45 बजे 112 नंबर पर कॉल करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन तोड़ दिया गया। इसके बाद उसे विराटनगर स्थित एक कमरे में छोड़ दिया गया।

शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप

युवती ने बताया कि उसने मॉडल टाउन थाने और SP कार्यालय में शिकायत दी। आरोप है कि 20 अगस्त को उसका पति गायब हो गया। इसके बाद 31 अगस्त को व्हाट्सऐप कॉल के जरिए शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। युवती का दावा है कि शिकायत वापस नहीं लेने पर अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मरवाने की धमकी दी गई।

लैब में मारपीट, दोस्त पर एक्टिवा से टक्कर मारने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, 3 सितंबर को वह आरोपी की तलाश करते हुए सेक्टर 13-17 स्थित उसकी लैब पहुंची। वहां उसके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे एक रैपिडो ड्राइवर के साथ भी कथित तौर पर हाथापाई हुई।

युवती का आरोप है कि इसके बाद आरोपी के एक दोस्त ने एक्टिवा से उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

जांच अधिकारी बदलने और सुरक्षा की मांग

पीड़िता ने SP को दी शिकायत में मौजूदा जांच अधिकारी पर भी आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि जांच अधिकारी उसके साथ अभद्र व्यवहार करती हैं और आरोपियों के पक्ष में काम कर रही हैं। इसी वजह से उसने मामले की जांच किसी अन्य पुलिस अधिकारी से कराने की मांग की है।

इसके अलावा युवती ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई, रहने की व्यवस्था और अपनी जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

पुलिस का पक्ष

महिला थाना प्रभारी SI आशा ने बताया कि युवती की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई के लिए प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, युवती को कई बार थाने बुलाया गया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुई। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि युवती पहले भी शिकायत देने के बाद समझौता कर चुकी है और पुलिस के पास उसके खिलाफ कुछ साक्ष्य भी हैं।

मामले में आरोपी पति और पीड़िता के बयान भी सामने आए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।