प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। पानीपत पुलिस ने साइबर सेल की मदद से गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत कुल 41 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके असली मालिकों को वापस सौंपे गए।
जानकारी के अनुसार, इन मोबाइल फोन की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। ये फोन अलग-अलग कंपनियों के हैं और इनकी कीमत 10 हजार रुपये से लेकर 85 हजार रुपये तक रही। सभी मोबाइल फोन पहले विभिन्न शिकायतों के आधार पर साइबर सेल में दर्ज किए गए थे।
पानीपत पुलिस का आभार व्यक्त किया
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल मालिकों को बुलाकर उनके फोन वापस किए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने पानीपत पुलिस का आभार व्यक्त किया।
“हर समय पोर्टल” में दर्ज थीं शिकायतें
डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि साइबर सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर हिमांशु की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए सभी 41 मोबाइल ट्रेस किए और उन्हें बरामद किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गुमशुदा मोबाइल की शिकायतें “हर समय पोर्टल” और साइबर सेल में दर्ज थीं, जिन पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की गई।पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

