पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में गोयला खेड़ा के पास शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने से सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार 18 वर्षीय भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 29 वर्षीय चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बस चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
10 मीटर दूर जा गिरे दोनों, मौके पर मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलेक्ट्रिक बस की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों चाचा-भतीजे सड़क पर करीब 10 मीटर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद बापौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भिजवा दिया।
सिलेंडर लेकर लौट रहे थे घर
मृतक की पहचान 18 वर्षीय रेहान और घायल की पहचान 29 वर्षीय अजरूद्दीन के रूप में हुई है। दोनों गोयला खुर्द गांव के रहने वाले हैं। मृतक के पिता शकील, दादा नानू शेख और भाई समीर के अनुसार, रेहान अपने चाचा अजरूद्दीन के साथ बाइक पर गांव से बापौली गैस सिलेंडर लेने गया था। जब दोनों सिलेंडर लेकर वापस लौट रहे थे, तभी गोयला खेड़ा के पास सामने से आ रही इलेक्ट्रिक बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
परिवार में पसरा मातम
रेहान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने बताया कि रेहान तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसने नौवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी और फिलहाल घर पर ही रहता था। परिजनों को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इस सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
बापौली थाना के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

