इदरीश मोहम्मद, पन्ना। जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग में एक ऐसा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिसने पूरे प्रशासनिक अमले की नींद उड़ा दी है। समीक्षा बैठक में खुलासा हुआ है कि जिले की 217 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपने आबंटित गांव में रहने के बजाय 10 से लेकर 216 किलोमीटर दूर बड़े शहरों से ‘अप-डाउन’ कर रही हैं। ​

हद तो तब हो गई जब पडरहा की कार्यकर्ता जबलपुर (216 किमी दूर) से महीने में सिर्फ एक या दो बार आकर खानापूर्ति कर रही हैं। वहीं, छतरपुर से 91 किमी और कटनी से आवागमन का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। कई कार्यकर्ता तो महीनों से केंद्र से पूरी तरह नदारद हैं।

शासकीय नियमों की धज्जियां उड़ते देख जिला कार्यक्रम अधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित परियोजना अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक-एक पाई और अब तक की गई कार्रवाई का हिसाब मांगा है। अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि अगर समय सीमा में रिपोर्ट पेश नहीं की गई, तो उन पर भी कार्रवाई तय है। इस अचानक हुई कार्रवाई से विभागीय अमले में हड़कंप मच गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m