इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना में रुंज-मझगांय और केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापित परिवारों के मुआवजे का मुद्दा गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विस्थापित परिवारों के साथ पन्ना कलेक्ट्रेट का घेराव किया और प्रभावित लोगों को समय पर उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। इस दौरान उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर आदिवासियों के साथ अन्याय करने और मुआवजा वितरण में पक्षपात करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को मुआवजा दिया जा चुका है, जबकि पात्र होने के बावजूद कई परिवार अब तक मुआवजे से वंचित हैं। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं की जांच तक नहीं की जा रही है। उन्होंने विस्थापितों को उनका अधिकार दिलाने और मुआवजे से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उमंग सिंघार ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा यहीं नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों की आवाज को विधानसभा में भी उठाया जाएगा, ताकि प्रभावित लोगों को न्याय मिल सके।अब सवाल यह है कि परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों को उनका उचित मुआवजा कब तक मिलेगा और उनकी समस्याओं का समाधान कब होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

