इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में शादी का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मास्टर माइंड दुल्हन समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। जिसकी तलाश में पुलिस ने सरगर्मी तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, अमानगंज के महेबा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह राजपूत से शादी कराने के नाम पर 1 लाख रुपये ऐंठने और शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन के फरार हो जाने का मामला सामने आया। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नागपुर निवासी फर्जी दुल्हन माधुरी थोबानी समेत तीन बिचौलियों हक्के यादव, अनिल यादव और करण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल रेनॉल्ट ट्राइबर कार, 3 मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 5.25 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

ये भी पढ़ें: मौत से पहले 19 सेकंड का वीडियो, युवक ने लगाए गंभीर आरोप; 2 साल पहले हुई थी सगाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान ने खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार सभी 4 आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ यह भी पता लगा रही है कि इस गैंग ने क्षेत्र में और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m