सांसद पप्पू यादव ने बीजेपी को 'विश्वासघाती' बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने नीतीश कुमार सहित अपने सभी पुराने सहयोगियों को धोखा दिया है।
नवीन शर्मा, हांसी। बिहार के पूर्णिया से लोकसभा सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव हरियाणा के हांसी पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र और हरियाणा की बीजेपी सरकार पर तीखा जुबानी हमला किया। उन्होंने वर्तमान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बीजेपी ने हमेशा अपने सहयोगियों के साथ विश्वासघात किया है। पप्पू यादव ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि यह सरकार जनता के भरोसे पर खरी नहीं उतर रही है और वादों को पूरा करने के बजाय लोगों की पीठ में छुरा घोंपने का काम कर रही है।
नीतीश कुमार और सहयोगियों के साथ ‘धोखे’ का आरोप
सांसद पप्पू यादव ने बिहार की राजनीति और एनडीए के पुराने रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बीजेपी ने बड़ा खेल किया है। उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाकर राज्यसभा भेजने की चर्चाओं पर तंज कसते हुए उन्होंने इसे ‘धोखा’ करार दिया। उन्होंने केवल नीतीश कुमार ही नहीं, बल्कि बाल ठाकरे, प्रकाश सिंह बादल, भजनलाल और चौटाला परिवार जैसे दिग्गज नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि बीजेपी का इतिहास अपने ही साथियों को किनारे लगाने का रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी बीजेपी के साथ खड़ा हुआ, अंत में उसे नुकसान ही उठाना पड़ा।
पश्चिम बंगाल और हरियाणा की कानून व्यवस्था पर बड़ा दावा
आगामी राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा करते हुए पप्पू यादव ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में तमाम चुनौतियों के बाद भी ममता बनर्जी एक बार फिर सरकार बनाने में सफल होंगी। उन्होंने कहा कि जनता का पूर्ण समर्थन ममता के साथ है। वहीं, हरियाणा सरकार को घेरते हुए उन्होंने गंभीर आरोप लगाए कि यहां किसान, मजदूर और अब छात्र भी सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं के साथ बढ़ते अपराध और बलात्कार की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए गरीबों की शिक्षा और सुरक्षा की बलि चढ़ा रही है।

