Business Desk – Paras Healthcare IPO : पारस हेल्थकेयर का 1,450 करोड़ रुपए का IPO 23 अक्टूबर को बंद हो रहा है। शुरुआती दो दिनों में इश्यू सिर्फ 36% सब्सक्राइब हुआ। वहीं, ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 13 रुपए यानी करीब 1.8% है।

इसके आधार पर शेयर की संभावित लिस्टिंग 706 रुपए पर हो सकती है, जबकि अपर प्राइस बैंड 693 रुपए है। हालांकि, GMP के आधार पर लिस्टिंग में मुनाफे की गारंटी नहीं होती।
रिटेल निवेशकों की ज्यादा दिलचस्पी
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, रिटेल कैटेगरी 1.37 गुना सब्सक्राइब हुई। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) का कोटा 26% और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का कोटा सिर्फ 7% भरा।
IPO की जरूरी डिटेल
यह इश्यू 21 अक्टूबर को खुला था। कंपनी ने प्राइस बैंड 660 से 693 रुपए प्रति शेयर तय किया है। एक लॉट में 21 शेयर हैं, जिसके लिए अपर प्राइस बैंड पर 14,553 रुपए लगाने होंगे।
कुल इश्यू में 500 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू और 950 करोड़ रुपए का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। शेयरों का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर और BSE-NSE पर लिस्टिंग 28 अक्टूबर 2026 को संभावित है।
कर्ज चुकाने में इस्तेमाल होगी रकम
कंपनी फ्रेश इश्यू से मिलने वाली शुद्ध रकम में से 320.90 करोड़ रुपए अपना कर्ज चुकाने और 54.10 करोड़ रुपए श्रीनगर में अस्पताल चलाने वाली सब्सिडियरी PMHPL के कर्ज भुगतान के लिए इस्तेमाल करेगी। बाकी रकम सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों पर खर्च होगी।
घाटे से मुनाफे में लौटी कंपनी
पारस हेल्थकेयर की कुल आय वित्त वर्ष 2025 के 1,314 करोड़ रुपए से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 1,629 करोड़ रुपए हो गई। इसी दौरान कंपनी 58 करोड़ रुपए के शुद्ध घाटे से निकलकर 44 करोड़ रुपए के मुनाफे में आ गई।
कंपनी के पास गुरुग्राम, पंचकूला, पटना, दरभंगा, कानपुर, उदयपुर, रांची और श्रीनगर में आठ अस्पताल हैं, जिनकी कुल क्षमता 2,211 बेड है। मार्च 2028 तक गुरुग्राम और लुधियाना में नए अस्पताल जोड़कर क्षमता 3,011 बेड करने की योजना है।

