रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवॉस ने 4 अक्टूबर को रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल, कोटा, रायपुर के सहयोग से एक विशेष पैरेंटिंग सत्र “परवरिश” का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध पैरेंटिंग कोच और वक्ता सुशांत कालरा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।
इस सत्र में रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवॉस के सदस्यों और उनके जीवनसाथी (स्पॉउस) के साथ-साथ रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन के सदस्यों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी उपस्थित सदस्यों ने बच्चों के सही पालन-पोषण और उनके सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स सीखे।
कार्यक्रम के दौरान पैरेंटिंग एक्सपर्ट सुशांत कालरा ने सकारात्मक पैरेंटिंग, सार्थक संवाद और बच्चों को जिम्मेदार, आत्मनिर्भर व आत्मविश्वास से भरपूर बनाने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि माता-पिता को अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण समय देना चाहिए। उनकी बातें ध्यान से सुननी चाहिए और उनके साथ भावनात्मक रूप से जुड़ना चाहिए। उनके व्यावहारिक दृष्टिकोण ने अभिभावकों को अपनी दैनिक बातचीत और पैरेंटिंग शैली में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का आयोजन रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल परिसर में हुआ, जिसमें स्कूल के कार्यकारी निदेशक सौरभ अग्रवाल और आकांक्षा गोयल का विशेष सहयोग रहा। ज्ञानवर्धक सत्र के बाद दोपहर के भोज (लंच) का आयोजन किया गया, जहां सभी उपस्थित सदस्यों ने सौहार्दपूर्ण माहौल में एक-दूसरे से विचार साझा किए। यह आयोजन सभी माता-पिता के लिए बेहद उपयोगी और एक नया दृष्टिकोण देने वाला साबित हुआ।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

