प्रदीप मालवीय, उज्जैन। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नाश्ता लेने के लिए ट्रेन से उतरा एक यात्री वापस लौटते समय चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसका हाथ फिसल गया और वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच कमर तक फंस गया। मौके पर ड्यूटी कर रहे RPF जवान रामचरण यादव ने तत्परता दिखाते हुए एक अन्य व्यक्ति की मदद से यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
यह पूरी घटना बुधवार दोपहर की है। दरअसल, काचीगुड़ा एक्सप्रेस उज्जैन स्टेशन से भोपाल की ओर रवाना हो रही थी। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रहा एक यात्री नाश्ता लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गया था। वह हाथ में पोहा लेकर वापस ट्रेन में चढ़ने पहुंचा, लेकिन तब तक ट्रेन चलने लगी। यात्री ने जल्दबाजी में ट्रेन के दरवाजे का हैंडल पकड़कर चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसका हाथ फिसल गया और वह सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा फंसा।
कमर तक फंसा यात्री, RPF जवान ने दिखाई बहादुरी
यात्री को ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसा देखकर मौके पर मौजूद RPF जवान रामचरण यादव तुरंत उसकी ओर दौड़े। उन्होंने बिना समय गंवाए एक अन्य व्यक्ति की मदद ली और काफी मशक्कत के बाद यात्री को सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस दौरान यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। जवान की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

