पटियाला. पंजाब के पटियाला में सोमवार शाम को अचानक धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई दी. यह आवाज इतनी तेज थी कि लोगों में डर का माहौल बन गया था. आवाज इतनी तेज थी कि कई इलाकों में खिड़कियां और दरवाजे हिलने लगे, इसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस कंट्रोल रूम में लगातार फोन आने लगे. राहत की बात है है कि इलाके में अभी तक कुछ हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है.

पटियाला के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि यह आवाज सोनिक बूम हो सकती है. हालांकि, प्रशासन अभी इसकी असली वजह की पुष्टि करने में जुटा हुआ है.जानकारी के मुताबिक, शहर के मुख्य इलाकों, विश्वविद्यालय परिसरों और बाहरी रिहायशी क्षेत्रों से लोगों ने अचानक तेज आवाज सुनाई देने की सूचना दी.

कुछ लोग घरों से बाहर निकलकर यह पता लगाने लगे कि आखिर हुआ क्या है लेकिन किसी को कुछ समझ नहीं आया. आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर भी इस आवाज को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं. नाभा, पटियाला बाईपास और अर्बन एस्टेट के लोगों ने भी इससे जुड़ी जानकारी साझा की.

यह है संभावना

जानकारी मिली है कि अधिकारियों को आशंका है कि इलाके में उड़ रहे किसी सुपरसोनिक लड़ाकू विमान की वजह से यह आवाज आई हो सकती है. जब कोई विमान ध्वनि की गति से तेज उड़ता है, तो सोनिक बूम पैदा हो सकता है. इससे अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई देती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस ने आसपास के इलाके में सर्चिंग की है अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या अन्य घटना की सूचना नहीं मिली है. प्रशासन के मुताबिक, शहर में स्थिति सामान्य है और रोजमर्रा की गतिविधियां जारी हैं. फिलहाल, तेज आवाज के पीछे की असली वजह की पुष्टि होना बाकी है.